
पंजाब के सबसे सीनियर IAS अधिकारी वीके सिंह को पंजाब CM मान का विशेष मुख्य सचिव किया नियुक्त
चंडीगढ़, 30 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब के सबसे सीनियर अधिकारी विजय कुमार सिंह को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का विशेष मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। 1990 बैच के वीके सिंह वर्तमान में रक्षा मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत थे और पूर्व सैनिकों का विभाग देख रहे थे। पंजाब सरकार ने केंद्र से उनकी वापसी का अनुरोध किया था, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार करते हुए आईएएस वीके सिंह को मुख्यमंत्री भगवंत मान का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
जानकारी के लिए बतां दे कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रधान सचिव का पद खाली पडा था। पहले यह पद आईएएस अधिकारी ए वेणु प्रसाद के पास था लेकिन उनके रिटायर होने के बाद से यह पद खाली था। नियुक्तियों के लिए बनी कैबिनेट कमेटी ने मंगलवार को इसे मंजूरी दे दी थी। 2017 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे वीके सिंह वर्तमान में विनी महाजन के बाद सबसे सीनियर हैं। जबकि मुख्य सचिव पद पर 1993 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग वर्मा हैं।
वी.के. सिंह का पंजाब और केंद्र सरकार के विभिन्न प्रशासनिक पदों पर करीब 33 वर्षों से अधिक का काम करने का अनुभव है। वह मूल रूप से बिहार के निवासी हैं। वह केंद्रीय डैपुटेशन पर जाने से पहले केंद्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय में विशेष सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। रक्षा मंत्रालय के सचिव से पहले वह कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर भी कार्यरत रह चुके हैं। पंजाब में आला अफसरों की कमी है जिसके कारण एक एक अफसर को कई कई विभाग देने पड़ रहे हैं। उदाहरण के तौर पर केएपी सिन्हा के पास वित्त, कृषि और सहकारिता, तीनों प्रमुख विभाग हैं। इसी तरह तेजवीर सिंह के पास बिजली, उद्योग, ग्रामीण विकास और पंचायत समेत सात विभाग हैं।
























