लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक और लिस्ट की जारी
लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सातवीं लिस्ट जारी कर दी है जिसमें भाजपा ने अमरावती सीट से नवनीत राणा को टिकट दिया है। अब इसे लेकर महाराष्ट्र एनडीए में विवाद खड़ा हो गया है। अमरावती से बीजेपी ने नवनीत राणा को उम्मीदवारी दी है पर महायुति गठबंधन में राणा को लेकर भारी विरोध सामने आया है।
शिंदे शिवसेना गुट के आनंदराव अड़सुल ने कहा मैं भी अब इसी सीट से चुनाव लड़ूंगा। इसके साथ ही प्रहार जनशक्ति के बच्चू कडू ने भी नवनीत राणा के नाम को लेकर विरोध जताया है। नवनीत राणा अमरावती से सांसद हैं। नवनीत राणा ने 2019 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अमरावती से चुनाव लड़ा था और उन्होंने शिवसेना के आनंदराव अडसुल को हराया था।






















