लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी
अब कांग्रेस के एक और बड़े नेता ने बीजेपी में मारी एंट्री
चंडीगढ़, 4 अप्रैल (विश्ववार्ता)आगामी लोकसभा चुनाव-2024 से पहले कांग्रेस के कई बड़े नेता बीजेपी के खेमे में जाते हुए दिख रहे हैं। जहां इसी कड़ी में अब कांग्रेस के एक और बड़े नेता ने बीजेपी में एंट्री मारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे और राजस्थान के उदयपुर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गौरव वल्लभ ने BJP जॉइन कर ली है। गौरव वल्लभ ने दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े ने गौरव वल्लभ की पार्टी में जॉइनिंग कराई।
ज्ञात रहे कि, गौरव वल्लभ ने आज सुबह ही कांग्रेस से इस्तीफे दे दिया था। गौरव वल्लभ ने कहा था कि, कांग्रेस पार्टी आज जिस प्रकार से दिशाहीन होकर आगे बढ़ रही है, उसमें मैं ख़ुद को सहज महसूस नहीं कर पा रहा। मैं ना तो सनातन विरोधी नारे लगा सकता हूं और ना ही सुबह-शाम देश के वेल्थ क्रिएटर्स को गाली दे सकता। क्योंकि बिननेस करके पैसा कमाना और वेल्थ क्रिएटर्स बनना कोई अपराध नहीं है। इसलिए मैं कांग्रेस पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दे रहा हूं। गौरव वल्लभ ने 2 पेज का इस्तीफा पत्र लिखा था। जिसमें उन्होने यह सब कहने के साथ और भी अपनी कई बातें लिखी थीं। गौरव वल्लभ ने कांग्रेस में रहते हुए घुटन होने की बात भी कही थी। गौरव वल्लभ ने इस्तीफा पत्र कांग्रेस अध्यक्ष खडगे को भेजा था।
BJP में शामिल होने के बाद क्या बोले गौरव वल्लभ?
बीजेपी में शामिल होने के बाद गौरव वल्लभ ने कहा कि मैंने सुबह एक पत्र सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर डाला। उस पत्र में मैंने अपने दिल की सारी व्यथाएं लिख दीं। मेरा शुरू से यह दृष्टिकोण रहा है कि भगवान श्री राम का मंदिर बने, न्योता मिले लेकिन कांग्रेस ने न्योते को अस्वीकार कर दिया, मगर मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकता। वहीं गठबंधन के नेताओं ने सनातन पर प्रश्न उठाए, कांग्रेस द्वारा उसका जवाब क्यों नहीं दिया गया? मैं आज बीजेपी में शामिल हुआ हूं और मुझे उम्मीद है कि मैं अपनी योग्यता, ज्ञान का प्रयोग भारत को आगे ले जाने में करूंगा।






















