
लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान का बडा बयान आया सामने
पढ़ें, बाकी सीटों पर कब होगा उम्मीदवारों के नाम का ऐलान
सबसे चौंकाने वाला फैसला फरीदकोट सीट पर हुआ
चंडीगढ़, 21 मार्च (विश्ववार्ता) मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है। मुख्यमंत्री मान ने कहा है कि बाकी सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा अगले पांच दिनों के भीतर कर दी जाएगी. मुख्यमंत्री मान ने लिखा, ”अगले पांच दिनों में आम आदमी पार्टी की ओर से बाकी पांच लोकसभा टिकटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी.।
पार्टी ने संगरूर से खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर, पटियाला से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, बठिंडा से कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, अमृतसर से एनआरआई मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और खडूर साहिब से परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर को टिकट दिया है। वहीं, हाल ही में आप में शामिल हुए बस्सी पठाना से कांग्रेस के पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह जीपी को फतेहगढ़ साहिब से उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने कुछ दिन पहले ही कांग्रेस में अनुशासन न होने का आरोप लगाते हुए आप का दामन थामा था।
सबसे चौंकाने वाला फैसला फरीदकोट सीट पर हुआ था। यहां से मुख्यमंत्री भगवंत मान के सबसे करीबी व पंजाबी फिल्मों के अभिनेता कर्मजीत सिंह अनमोल पर दांव खेला है। कर्मजीत ‘कैरी ऑन जट्टा’ और ‘निक्का जैलदार’ जैसी हिट फिल्मों में काम कर चुके हैं। जालंधर में पार्टी वर्तमान सांसद सुशील रिंकू पर ही भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दिया है।























