
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पंजाब को लेकर आम आदमी पार्टी की अहम बैठक जारी
दिल्ली सीएम केजरीवाल और पंजाब सीएम मान सहित कई बडे नेता बैठक मे शामिल
चंडीगढ, 20 जनवरी (विश्ववार्ता) बडी खबर सामने आ रही है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर, पंजाब को लेकर आम आदमी पार्टी की बैठक चल रही है। आप संयोजक और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर बैठक चल रही है। बैठक में पंजाब की लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर चर्चा हो रही है। इसमें पंजाब के सीएम भगवंत मान सहित कई दिग्गज नेता मौजूद हैं।
बैठक में पंजाब के सीएम भगवंत मान, आप संगठन महासचिव संदीप पाठक समेत अन्य बड़े नेता मौजूद हैं। आप ने अभी तक पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, हालांकि गठबंधन की आधिकारिक घोषणा का फिलहाल इंतजार है।
बता दें, हाल ही में सीएम केजरीवाल गोवा दौरे से लौटे हैं। वहां उनका कई जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम था। वहां उन्होंने वेंजी विगास द्वारा बनाए गए मोहल्ला क्लिनिक का भी दौरा किया था। इससे पहले ईडी ने उन्हें चौथी बार समन भेजा था, लेकिन वह पूछताछ में शामिल नहीं हुए थे।






















