
लोकसभा चुनाव के पहले बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कांग्रेस का साथ छोड़ा
भाजपा में शामिल होने के बाद क्या बोले विजेंदर सिंह ?
चंडीगढ़, 4 अप्रैल (विश्ववार्ता) आगामी लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी के खेमे कई बड़ी हस्तियों का आना जारी है। अब कांग्रेस नेता और प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर विजेंदर सिंह ने बीजेपी में जॉइनिंग की है। विजेंदर सिंह ने दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान बीजेपी के महासचिव विनोद तावड़े ने विजेंदर सिंह का पार्टी में स्वागत किया। वहीं मौके पर बीजेपी के कई और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
भाजपा में शामिल होने के बाद बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कहा कि, बीजेपी में आकर मैं बहुत उत्साहित हूं। मैं जनता की सेवा के लिए आज बीजेपी में शामिल हुआ हूं। मैं चाहता हूं कि मैं देश के विकास और तरक्की के लिए काम करूं। विजेंदर सिंह ने कहा कि बीजेपी की सरकार में खिलाडिय़ों का मान-सम्मान देश-विदेश में बढ़ा है। बीजेपी सरकार द्वारा देश के विकास के लिए कई काम किए जा रहे हैं।
ध्यान रहे कि, विजेंदर सिंह साल 2019 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर दक्षिण दिल्ली से लड़ चुके हैं। वो बीजेपी के रमेश बिधूड़ी से 6 लाख वोटों से हार गए थे। वहीं अब जब लोकसभा चुनाव के ठीक पहले वह बीजेपी में शामिल हुए हैं तो देखना यह होगा कि बीजेपी उन्हें कहां से लोकसभा उम्मीदवार बनाती है।























