
लॉरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू मामले में हाईकोर्ट का बडा बयान आया सामने
मामले को गंभीरता को देखते हुए कहा इसकी जांच वह खुद करवाएंगे
चंडीगढ, 21 दिसंबर (विश्ववार्ता) लॉरेंस बिश्नोई के हिरासत में इंटरव्यू मामले की जांच पर हाईकोर्ट ने कई सवाल उठाए हैं। हाईकोर्ट ने कहा कि जांच में कई खामियां हैं, हम संतुष्ट नहीं हैं। आगे की जांच को जरूरी बताते हुए पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार व एमिकस क्यूरी को एसआईटी गठित करने के लिए आईपीएस अधिकारियों के नाम का सुझाव सौंपने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि यदि मामला इंटर स्टेट पाया जाता है तो जांच सीबीआई को सौंप दी जाएगी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि इसकी जांच वह खुद करवाएंगे है।
बताया जा रहा है कि सिट (SIT) की जांच पर कोर्ट की मदद कर रही वकील तनु ने सवाल खड़े किए हैं। उसने कहा कि इस मामले में और बढ़िया ढंग से जांच हो सकती थी, क्योंकि बिना जेल प्रशासन की मदद से लॉरेस बिश्नोई का इंटरव्यू नहीं हो सकता था। डीजीपी द्वारा 2 इंटरव्यू पर प्रेस कॉन्फ्रैंस में दिए बयान पर वकील ने कहा कि दोनों इंटरव्यू में लॉरेंस के कपड़े व हेयर स्टाइल एक जैसा है और 6-7 मार्च के बीच का है।
आपको बता दें पिछली हुई सुनवाई में डीजीपी जेल व सिट ने हाईकोर्ट में रिपोर्ट पेश करते हुए कहा था कि ये इंटरव्यू पंजाब में नहीं हुआ है। बल्कि ये राजस्थान में हुआ है। उस समय लॉरेंस बिश्नोई राजस्थान जेल में बंद था। सिट ने कहा कि बिना एफआईआर के पंजाब पुलिस राजस्थान व अन्य राज्यों की जेलों में बंद लॉरेंस बिश्नोई के साथियों को रिमांड पर नहीं ले सकती। इस मामले को लेकर आज हाईकोर्ट में फिर से सुनवाई हुई है।























