
चंडीगढ 6 सिंतबर ( विश्ववार्ता) पंजाब के लुधियाना जिले में चंडीगढ़ रोड पर फोर्टिस के समीप आज एक भीषण सडक़ हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार हादसे के समय परिवार के सदस्य शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 2.45 बजे तेज रफ्तार कार चंडीगढ़ रोड पर फोर्टिस अस्पताल के पास डिवाइडर से टकराने के बाद बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में कार चालक राजेश कुमार, उसकी पुत्री पांच साल की जैसमीन, उसकी साली संजना और संजना की दो बेटियां हैं। जबकि हादसे में घायल हुई राजेश की पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है।





















