
नई दिल्ली. भारत के धुआंधार बल्लेबाज रोहित शर्मा को बीसीसीआई ने भारतीय टेस्ट टीम का उपकप्तान नियुक्त किया है. रोहित शर्मा चोट की वजह से एडिलेड और मेलबर्न टेस्ट में नहीं खेले थे. दूसरा टेस्ट खत्म होने के बाद वो क्वारंटीन पीरियड खत्म कर टीम इंडिया से जुड़े. ऐसे सवाल खड़े किये जा रहे थे कि क्या रोहित शर्मा को सिडनी टेस्ट में मौका मिलेगा? लेकिन अब बीसीसीआई ने उन्हें उपकप्तान बनाकर इन सभी अटकलों को खत्म कर दिया है. विराट कोहली की गैरमौजूदगी में अजिंक्य रहाणे टीम की कमान संभाल रहे हैं और अब रोहित शर्मा उनके सहयोग के लिए उपकप्तान बनाए गए हैं.





















