रोहित शर्मा ने बैंगलोर में दिखाया हिटमैन शो, टी20 में पांच शतक लगाने वाले बने पहले बल्लेबाज
रोहित और रिंकू ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
सर्वाधिक T20 शतक बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
चंडीगढ, 18 जनवरी (विश्ववार्ता) हिटमैनरोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ बेंगलुरु में शानदार शतक लगाया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी20 में पांचवां शतक लगाया। वह पांच शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। रोहित ने अपनी पारी के दौरान विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
हिटमैन बतौर कप्तान भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 54 मैचों में टीम की कप्तानी की है। उनके खाते में बतौर कप्तान 1648 रन हो गए। इस मामले में शीर्ष पर कोहली थे। अब रोहित शर्मा ने पहला स्थान हासिल कर लिया है। कोहली ने बतौर कप्तान भारत के लिए 50 मैचों में 1570 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 47.57 का रहा है। पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 72 मैचों में 37.06 की औसत से 1112 रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा ने रिंकू सिंह के साथ मिलकर नाबाद 190 रन की साझेदारी की। यह टीम इंडिया के लिए किसी भी विकेट के लिए टी20 में सबसे बड़ी साझेदारी है। दोनों ने मिलकर संजू सैमसन और दीपक हुड्डा के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। सैमसन और हुड्डा ने 2022 में आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में 176 रन जोड़े थे।
1) रोहित शर्मा (भारत) – 5
2) सूर्यकुमार यादव (भारत) – 4
3) ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया) – 4
4) सबावून डेविज़ी (चेक गणराज्य)- 3
5) कॉलिन मुनरो (न्यूजीलैंड) – 3
अपने करियर का पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाकर रोहित, सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) से आगे निकल गए, जिनके नाम पर चार-चार अंतरराष्ट्रीय शतक हैं.