
रिश्वत मामले में दोषी पाई गई पंजाब पुलिस की पूर्व महिला डीएसपी राका को कोर्ट ने सुनाई इतने सालो की सजा
चंडीगढ, 8 फरवरी (विश्ववार्ता) 13 साल पुराने रिश्वत के मामले में दोषी पाई गई पंजाब पुलिस की पूर्व महिला डीएसपी राका गेरा (61) को छह साल कैद की सजा सुनाई है। राका को उसके जुर्म पर 6 साल कैद की सजा सुनाई गई है। साथ ही उन्हें हिरासत में लिया गया है।
आज से 13 साल पहले राका एक लाख रुपये रिश्वत ली थी, इस मामले में सीबीआइ की विशेष अदालत ने उन्हें दोषी करार किया है। पंजाब पुलिस की पूर्व महिला डीएसपी राका गेरा को छह साल कैद की सजा सुनाने के साथ दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
क्या है मामला
2011 में दर्ज एक मामले में मुल्लांपुर के एक बिल्डर ने उन पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया था, जिसके बाद सी. बी.आई. ने जाल बिछाकर आरोपी घोषित किए गए राका गेरा के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार किया था। तभी से उनके खिलाफ यह मामला चंडीगढ़ की अदालत में चल रहा था। हालांकि इस मामले की सुनवाई पर पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने करीब 5 साल तक रोक लगाई थी, लेकिन अगस्त 2023 में रोक हटा ली गई और फिर इस मामले की सुनवाई जारी रही।
फुटेज और ट्रांसक्रिप्ट साबित कर रहे रिश्वतखोरी की कहानी
13 साल पहले सी.बी.आई. चंडीगढ़ ने उन्हें सेक्टर-15 स्थित एक कोठी से गिरफ्तार किया था, लेकिन इस मामले की सुनवाई के दौरान राका गेरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले बिल्डर ने कोर्ट में गवाही देने से इनकार कर दिया। कोर्ट में बहस के दौरान सी.बी.आई. के सरकारी वकील नरिंदर सिंह ने कहा कि जांच एजेंसी के पास राका गेरा के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। सी.बी.आई. के पास आरोपी राका गेरा द्वारा रिश्वत मांगने संबंधी शिकायतकर्ता से हुई बातचीत की ट्रांसक्रिप्ट और फुटेज भी है, जिससे साबित होता है कि उसने रिश्वत मांगी थी।
डी.एस.पी. के घर से मिला था हथियार
मोहाली के मुल्लांपुर के निवासी बिल्डर के.के. मल्होत्रा की शिकायत पर सी. बी.आई. ने 25 जुलाई 2011 को राका गेरा को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। इस समय के दौरान सी.बी.आई. ने राका गेरा के सेक्टर-15 स्थित घर पर भी छापा मारा था। सी.बी.आई. को तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी, 53 बोतल शराब के अलावा ए. K-47 के कारतूस, एक 32 बोर जर्मन निर्मित रिवॉल्वर, एक डबल बैरल बंदूक और बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद होने का दावा किया गया था। तब राका गेरा खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-11 थाने में आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत एफआई.आर. दर्ज की गई थी। पुलिस द्वारा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज इस मामले में राका गेरा को 2017 में न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने एक साल कैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, उन्होंने सजा के खिलाफ सत्र न्यायालय में अपील दायर की थी जिस पर सुनवाई दौरान जिला व सेशन जज की अदालत ने 2019 में उन्हें दोषमुक्त करार देते हुए बरी कर दिया था।





















