
राष्ट्रपति मुर्मू आज से 23 दिसंबर तक पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और राजस्थान के दौरे पर
चंडीगढ, 18 दिसंबर (विश्ववार्ता)राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए आज से 23 दिसंबर तक पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और राजस्थान का दौरा करेंगी. राष्ट्रपति भवन ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
राष्ट्रपति 18 दिसंबर को आईआईटी, खड़गपुर के 69वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। राष्ट्रपति उसी दिन बोलारम, सिकंदराबाद स्थित राष्ट्रपति निलयम पहुंचेंगी।राष्ट्रपति 19 दिसंबर को हैदराबाद स्थित हैदराबाद पब्लिक स्कूल सोसाइटी के शताब्दी समारोह में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति 20 दिसंबर को तेलंगाना के यदाद्री भुवनागिरी जिले के पोचमपल्ली में वस्त्र मंत्रालय द्वारा आयोजित हथकरघा और कताई इकाई तथा थीम मंडप देखने जाएंगी। इस अवसर पर वे बुनकरों से बातचीत भी करेंगी। राष्ट्रपति उसी शाम, सिकंदराबाद में एमएनआर एजुकेशनल ट्रस्ट के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगी।राष्ट्रपति 21 दिसंबर को राष्ट्रपति निलयम में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।राष्ट्रपति 22 दिसंबर को राज्य के गणमान्य व्यक्तियों, प्रमुख नागरिकों, शिक्षाविदों आदि के लिए राष्ट्रपति निलयम में एक एट-होम रिसेप्शन की मेजबानी करेंगी।राष्ट्रपति 23 दिसंबर को राजस्थान के पोखरण में लाइव फायरिंग अभ्यास देखेंगी।























