
राज्यसभा की दो और सीटों पर निर्विरोध चुनाव जीतकर ‘आप’ ने रचा इतिहास
-संत बलबीर सिंह सीचेवाल और विक्रमजीत सिंह साहनी बने राज्यसभा सदस्य
चंडीगढ़, 4 जून आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा की दोनों सीट पर निर्विरोध जीत हासिल कर नया इतिहास रचा है। इस जीत के बाद पंजाब से संसद के उच्च सदन में पार्टी के कुल 7 सदस्य शामिल हो गये हैं। पंजाब की राजनीति के लिए यह अभूतपूर्व है। अब राज्यसभा में पंजाब की सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी का दबदबा हो गया है। चुने गए सभी सदस्यों का कार्यकाल 6 साल का होगा।बता दें कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में आप ने 92 सीटों पर रिकॉर्ड जीत हासिल की थी।
इससे पहले शुक्रवार को पंजाब विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर-कम-सचिव सुरिंदर पाल ने एक प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद मशहूर पर्यावरणविद संत बलबीर सिंह सीचेवाल और उद्यमी व सामाजिक कार्यकर्ता विक्रमजीत सिंह साहनी को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित करने की घोषणा की।
रिटर्निंग ऑफिसर-कम-सचिव ने उन्हें राज्यसभा का सदस्य घोषित कर प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद दोनों निर्वाचित नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां से मुलाकात की। संधवां ने दोनों नवनिर्वाचित नेताओं को शुभकामनाएं दी और उम्मीद जताई कि दोनों नेता पंजाब की बेहतरी और विकास के लिए राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों को संसद के उच्च सदन में उठाएंगे।
सीचेवाल और साहनी को राज्यसभा सदस्य के रूप में शामिल करने के बाद विरोधी पार्टियों के लिए अब पंजाब से उच्च सदन में पहुंचने की संभावना खत्म हो गई है। दोनों नेताओं के अलावा हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, संदीप पाठक, संजीव अरोड़ा और अशोक मित्तल सहित पांच सदस्य पहले ही राज्यसभा पहुंच चुके हैं।





















