
राजस्थान में भाजपा की वापसी लगभग तय
शेखावत बोले, जादूगर का जादू खत्म हुआ
राजस्थान की 21 हॉट सीट में 15 पर बड़ा उलटफेर
चंडीगढ, 3 दिसंबर (विश्ववार्ता): राजस्थान में भाजपा की वापसी लगभग तय हो गई है। अब तक के रुझानों में भाजपा लगातार 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, विपक्षी पार्टी कांग्रेस को 70 से 80 सीटें मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्य में भाजपा की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जादूगर का जादू खत्म हुआ। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह मैंने पहले ही कहा था कि राज्य में भाजपा स्पष्ट और प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। यह अब साफ हो गया है। राजस्थान से जादूगर का जादू खत्म हो गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा मध्यप्रदेश में भी सरकार बनाएगी। शेखावत ने मध्यप्रदेश में भाजपा को दो तिहाई बहुमत हासिल करने पर प्रसन्नता जाहिर की।
राजस्थान की 21 हॉट सीट में 15 पर बड़ा उलटफेर हो रहा है। भाजपा के तीन सांसद भागीरथ चौधरी, नरेंद्र खीचड़, देवजी पटेल लगभग आधे राउंड के बाद भी अपनी-अपनी विधानसभा सीटों पर पिछड़ रहे हैं। झोटवाड़ा सीट से लगातार 11 राउंड में पिछड़े राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 12वें राउंड में लीड हासिल कर राहत की सांस ली।























