
चंडीगढ,1 दिसंबर (विश्ववार्ता) हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ है। 30 नवंबर यानी गुरुवार के दिन हिमाचल में मौसम खराब बना हुआ है। प्रदेश की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश जारी है। हिमाचल ठंड के आगोश में लिपट गया है। वहीं, किसान बारिश को फसलों के लिए बेहतर मान रहे हैं।
राजधानी शिमला में सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं, ठंड भी तीखी हो गई है। लोगों को ठंड से बचने के लिए आग का सहारा लेना पड़ रहा है। जिला कांगड़ा में सुबह से ही हल्की बारिश के साथ काले घने बादलों ने डेरा डाला हुआ है। धौलाधार की उंची पहाड़ियों पर भी ताजा हिमपात हुआ है। जिला मंडी के धर्मपुर और कुल्लू में भी आज सुबह बारिश हुई है। मनाली के पास अटल-टनल और लाहौल-स्पीति के कोकसर और रोहतांग में ताजा हिमपात हुआ है।
वहीं जिला मुख्यालय चम्बा समेत निचले क्षेत्रों में दिनभर बारिश होती रही। बारिश व बर्फबारी के चलते लोग अपने घरों में दुबके रहे। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार आज भी मौसम खराब रहेगा तथा ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात व मैदानी इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। इसको देखते हुए प्रशासन ने जिले में अलर्ट जारी कर दिया है।





















