
यूक्रेन में फंसे अपने परिजनों की मदद के लिए 16 परिवारों ने दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी से किया संपर्क
दिल्ली कमेटी द्वारा यूक्रेन से आने वाले भारतीयों को निःशुल्क सराय मुहैया करवाने की पेशकश: कालका, काहलों
चंडीगढ़, 2 मार्च: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने प्रेस बयान जारी करते हुए जानकारी दी है कि 16 परिवारों ने दिल्ली कमेटी की हेल्पलाइन नंबर +91-011-23712580-82 पर फोन कर यूक्रेन में चल रहे युद्ध के कारण वहां फंसे अपने परिजनों की मदद के लिए हमें संपर्क किया है।
उन्होंने बताया कि फंसे हुए भारतीयों को भोजन, पानी, आवास आदि जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हम नई दिल्ली में यूक्रेन दूतावास, यूक्रेन, हंगरी, पोलैंड में भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के साथ संपर्क करने में परिवारों की सहायता कर रहे हैं।
स. कालका और काहलों ने कहा कि सरकार की मांग पर दिल्ली कमेटी को यूक्रेन से भारत वापस लाए गए भारतीयों के लिए दिल्ली के एतिहासिक गुरुद्वारों में निःशुल्क सराय और हर संभव सहायता मुहैया करवाने में प्रसन्नता होगी। उन्होंने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए भारत सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा आशा व्यक्त की है कि वहां फंसे सभी भारतीय जल्द से जल्द सुरक्षित वापिस अपने वतन लौटें।
उन्होंने कहा कि दिल्ली कमेटी इस संबंध में परिवारों और सरकारी मंत्रालयों के लगातार संपर्क में है। हम संकट की इस घड़ी में सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं तथा प्रमात्मा से उनके बच्चों और रिश्तेदारों की सुरक्षित भारत वापसी की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि मानवता और देश की सेवा के लिए दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी हमेशा तैयार है।





















