
मोहाली में खुफिया विभाग की इमारत पर हमले के बाद पूरा पंजाब हाई अलर्ट पर
चप्पे चप्पे पर पुलिस का पहरा, आम जनता से की गई यह अपील
चंडीगढ, 11 मई (विश्व वार्ता) मोहाली में खुफिया विभाग की इमारत पर विस्फोटक हमले के बाद राज्य में हाई अलर्ट है। जांच-पड़ताल के साथ चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है। वहीं, पंजाब के अमृतसर में तो रेड अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था बेहद ज्यादा बढ़ा दी गई है। अधिकारी व पुलिस फोर्स के जवान एकदम अलर्ट हैं और सडक़ पर गस्त कर कड़ी निगरानी के साथ चेकिंग अभियान चला रहे हैं।
अमृतसर पुलिस कमिश्नर अरुण पाल सिंह ने बताया कि मोहाली हमले की घटना के बाद अमृतसर में रेड अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है क्योंकि ये बॉर्डर से सटा हुआ है और यहां बाहर से लोग भी ज्यादा आते हैं पुलिस कमिश्नर अरुण पाल सिंह ने कहा कि अमृतसर के महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जनता से भी अपील है कि अगर कोई भी आपत्तिजनक गतिविधि दिखती है तो पुलिस को तुरंत सूचना देकर पुलिस की मदद करें। अरुण पाल सिंह ने बताया कि अभी शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।





















