मोगा में हथियारों की नुमाइश पर वड़िंग ने आप सरकार पर ली चुटकी
चंडीगढ़, 19 नवंबर: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन करने सहित इनसे जुड़े गानों पर लगाए प्रतिबंध के बावजूद शुक्रवार को मोगा में कुछ लोगों द्वारा खुलेआम बंदूकों के प्रदर्शन पर चुटकी ली है।
वड़िंग ने मोगा में कुछ हथियारबंद लोगों द्वारा मार्च का जिक्र करते हुए, कहा कि इन लोगों ने प्रतिबंध के 5 दिनों के भीतर सरकार के आदेशों की हवा निकाल दी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आप सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हुए, कहा कि वह पूरी तरह से अपने अधिकार खो चुकी है, जिसका सबूत उसके प्रतिबंध के साथ किए जा रहे व्यवहार से मिलता है। एक ट्वीट के जरिए, वड़िंग ने सवाल किया है कि क्या राज्य में कहीं भी पंजाब सरकार की मर्जी चलती है। लोग सरेआम इस सरकार के आदेशों की हवा निकाल रहे हैं और वह पूरी तरह से असहाय लग रही है।
वड़िंग ने कहा कि राज्य में कानून और व्यवस्था का बुरा हाल हो चुका है, जबकि आप नेतृत्व गुजरात के चुनावों में व्यस्त है। उन्होंने हालातों को हल्के में लेने के चेतावनी देते हुए, कहा कि कहीं बहुत देर ना हो जाए और नुकसान की भरपाई ना हो सके