
मुंबई में भारतीय रिजर्व बैंक और अन्य स्थानों पर बम विस्फोट करने की धमकी से मचा हडकंप
चंडीगढ, 27 दिसंबर (विश्ववार्ता) मुंबई में 11 बम विस्फोटों के बारे में यहां रिजर्व बैंक को धमकी भरा एक मेल भेजे जाने के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया लेकिन आरबीआई की केंद्रीय कार्यालय इमारत और दो अन्य बैंकों समेत इन स्थानों पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने बताया कि आरबीआई के हेड गार्ड की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 505-1 बी 505-2 और 506-2 समेत विभिन्न धाराओं के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर की ईमेल आईडी पर सुबह करीब 10.50 मिनट पर ‘खिलाफत डॉट इंडिया’ नामक आईडी से ईमेल भेजा गया जिसमें आरबीआई की नयी केंद्रीय कार्यालय इमारत, चर्चगेट में एचडीएफसी हाउस और बांद्रा-कुर्ला कॉप्लेक्स में आईसीआईसीआई बैंक टावर में बम धमाके की धमकी दी गयी।
प्राथमिकी के अनुसार, ईमेल भेजने वाले व्यक्ति ने विस्फोट करने की धमकी देते हुए मांग की कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें और ‘‘बैंकिंग घोटाले’’ के खुलासे को लेकर एक विस्तृत बयान जारी करें।
इसमें ईमेल के हवाले से कहा गया है, ‘‘मुंबई में विभिन्न स्थानों पर 11 बम लगाए गए हैं और फोर्ट में आरबीआई की नयी केंद्रीय कार्यालय इमारत, चर्चगेट में एचडीएफसी हाउस और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आईसीआईसीआई बैंक टावर में दोपहर 1:30 मिनट पर विस्फोट होंगे। सभी 11 बम में एक के बाद एक विस्फोट होगा।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उन सभी स्थानों की तलाशी ली जिनका जिक्र ईमेल में था लेकिन इन स्थानों पर कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।





















