
मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में लगातार तीसरी हार
कप्तान हार्दिक ने किसे ठहराया जिम्मेदार ?
चंडीगढ़, 2 अप्रैल (विश्ववार्ता) मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में आईपीएल 2024 की लगातार तीसरी हार का सामना किया। आईपीएल के 14वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ छह विकेट से जीत दर्ज कर अपनी जीत की लहर को बरकरार रखा और अंक तालिका में छह अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई। वहीं, मुंबई अब तक इस टूर्नामेंट में पहली जीत नहीं हासिल कर पाई है और 10वें पायदान पर है।
मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा, “हां, एक मुश्किल रात, हमें वैसी शुरुआत नहीं मिली जैसी शुरुआत हम चाहते थे. मैं पलटवार करना चाहता था, हम 150-160 बनाने की अच्छी स्थिति में थे, लेकिन मेरे विकेट ने उन्हें मैच में और वापस आने का मौका दिया. मुझे और भी बहुत कुछ करने की ज़रूरत थी. ठीक है, हमने ऐसी विकेट की उम्मीद नहीं की थी, लेकिन आप हमेशा एक बल्लेबाज़ के रूप में नहीं रख सकते, कभी बॉलर्स के लिए अपनी बात रखना अच्छा होता है।
मुंबई ने राजस्थान को दिया 126 रन का लक्ष्य
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई। हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 125 रन बनाए और मुंबई को 126 रन का मामूली लक्ष्य थमाया। इस मैच में मुंबई के शीर्ष क्रम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम को पहले ही ओवर में रोहित शर्मा और नमन धीर के रूप में दो झटके लगे। ट्रेंट बोल्ट ने अपनी घातक गेंदबाजी का नजारा पेश करते हुए लगातार दो गेंदों पर दो विकेट चटकाए। पारी के तीसरे ओवर में भी बाएं हाथ के गेंदबाज ने डेवॉल्ड ब्रेविस के रूप में तीसरी सफलता हासिल की। तीनों बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए। टीम को चौथा झटका ईशान किशन के रूप में 20 रन के स्कोर पर लगा। उन्हें नांद्रे बर्गर ने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर सैमसन के हाथों कैच आउट कराया।
इस मैच में राजस्थान के गेंदबाजों ने मुंबई के बल्लेबाजों पर कहर बरपाया। पांचवें विकेट के लिए तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या के बीच 56 रन की साझेदारी हुई जिसे चहल ने 76 रन के स्कोर पर तोड़ दिया। राजस्थान के खिलाफ कप्तान 21 गेंदों में 34 रन बना सके। इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके निकले। इसके बाद सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे पीयूष चावला सिर्फ तीन रन बना सके। उन्हें आवेश खान ने आउट किया।
इस मुकाबले में मुंबई की रीढ़ बनकर खड़े तिलक वर्मा भी आउट हो गए। उन्हें युजवेंद्र चहल ने अपना शिकार बनाया। युवा बल्लेबाज 29 गेंदों में 32 रन बनाकर लौटे। इस मैच में गेरॉल्ड कोएत्जी ने चार और टिम डेविड ने 17 रन बनाए। वहीं, बुमराह आठ रन और आकाश मधवाल चार रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के खिलाफ राजस्थान के गेंदबाजों ने कातिलाना गेंदबाजी की। ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल को तीन-तीन विकेट मिले। वहीं, नांद्रे बर्गर को दो विकेट मिले जबकि आवेश खान ने एक सफलता हासिल की।





















