
मिशन 13-0 को लेकर पंजाब सीएम मान ने बुलाई अहम बैठक
बैठक मे संजय सिंह और संदीप पाठक भी रहेंगे मौजूद
सभी विधायकों और प्रत्याशियों को निमंत्रण
बैठक दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री आवास पर
चंडीगढ़ 9 अप्रैल (विश्ववार्ता)- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मिशन 13-0 को ध्यान में रखते हुए सभी विधायकों और उम्मीदवारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की है। जानकारी के मुताबिक इस बैठक में संजय सिंह और संदीप पाठक भी मौजूद रहेंगे और ये बैठक मुख्यमंत्री आवास पर दोपहर एक बजे होगी।
बतां दे कि मुख्यमंत्री ने वीरवार को फतेहगढ़ साहिब लोकसभा क्षेत्र को लेकर सभी विधायकों के साथ बैठक की और उनका फीडबैक लिया। साथ ही विधायकों को निर्देश भी दिए कि चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी विधायक आप सरकार के कार्यों को लोगों के बीच लेकर जाएं।
बैठक में इस सीट से आप उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह जीपी और फतेहगढ़ साहिब निर्वाचन क्षेत्र के सभी आप विधायक बस्सी पठाना (एससी) के रूपिंदर सिंह हैप्पी, फतेहगढ़ साहिब के लखबीर सिंह राय, अमलोह के गुरिंदर सिंह, खन्ना के तरुणप्रीत सिंह सोंद, समराला के जगतार सिंह, साहनेवाल के हरदीप सिंह मुंडियां और रायकोट (एससी) के विधायक हाकम सिंह ठेकेदार उपस्थित थे।
मान ने सभी विधायकों के साथ फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्र को लेकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी ने फतेहगढ़ साहिब की सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। मान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी पार्टी काफी मजबूत स्थिति में है और वह इस बार प्रदेश की सभी 13 सीटें जीतेंगे।
उन्होंने विधायकों से कहा कि वे फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के सभी पदाधिकारियों के साथ बैठकें करें और साथ ही हर गांव में लोगों के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताएं। उन्होंने विधायकों को निर्देश दिया कि वे पिछले दो वर्षों में उनकी सरकार द्वारा लिए गए सभी पंजाब-समर्थक और जन-समर्थक निर्णयों को प्रचारित करें और लोगों से उनके मुद्दों के बारे में भी बात करें, जिनका संसद के जरिये समाधान हो सकता है। बैठक के बाद आप उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह जीपी ने कहा कि मान सरकार ने पिछले दो वर्षों में असाधारण काम किया है। लोग आम आदमी पार्टी के साथ हैं।





















