मान सरकार किसानों को किसी भी फसल में नुकसान नहीं होने देगी – दिनेश चड्ढा
…कहा, मूंग की फसल पर बोनस देकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साबित किया कि ‘आप’ सरकार किसानों के साथ खड़ी है
…पहले फसली विविधता की बात सिर्फ किताबों में होती थी, मान सरकार ने यकीनी बनाया – दिनेश चड्ढा
चंडीगढ़, 2 जुलाई : मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा मूंग की फसल उगाने वाले किसानों को एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बोनस देने के ऐलान को आम आदमी पार्टी ने क्रांतिकारी कदम बताया है।
शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आप पंजाब के वरिष्ठ नेता और विधायक दिनेश चड्ढा ने कहा कि पंजाब के किसानों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की अपील पर मूंग की फसल की बिजाई की थी। जिन किसानों को मूंग की एमएसपी 7275 रुपए से कम मिली है, उनको बोनस देकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साबित किया है कि आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों के साथ खड़ी है।
चड्ढा ने कहा कि पहले फसलों की विविधता की बात हम सिर्फ किताबों में पढ़ते थे कि गेहूं-चावल के अलावा भी फसल उगाई जानी चाहिए। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे जमीन पर लागू कर किसानों के लिए यकीनी बनाया है।























