
मांगों को लेकर दिल्ली कूच के लिए अंबाला में शंभू बार्डर पर किसानों व पुलिस के बीच जबरदस्त टकराव
रात को भी दागे जा रहे अश्रुगैस के गोले, 60 घायल
आज किसानों के साथ जो सुलूक हो रहा है, उसे पूरा देश देख रहा है-किसान नेता
चंडीगढ, 13 फरवरी (विश्ववार्ता) : शंभू बार्डर पर हरियाणा पुलिस व किसानों के बीच टकराव लगातार जारी है। बार्डर पर रात के अंधेरे में भी हरियाणा पुलिस की कार्रवाई जारी है तथा किसानों को रोकने के लिए अश्रुगैस के गोले दागे जा रहा हैं। वहीं किसानों ने आज शाम मीडिया को संबोधित करते केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला। किसान नेताओं ने कहा कि आज किसानों के साथ जो सुलूक हो रहा है, उसे पूरा देश देख रहा है और सरकार देश के किसानों के साथ जो कर रही है, इसके बारे में सभी को सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के लिए आज काला दिन है।
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले सैकडों की गिनती में जुटे किसानों को खदेड़ने के लिए हरियाणा पुलिस प्रशासन की ओर से ड्रोन के जरिये आंसू गैस के गोले छोड़े गए। जिससे एकदम से भदगड़ मचने से कईं किसान घायल हो गए, जबकि बड़ी गिनती में किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हमारे किसानों पर हमले करवाए। हरियाणा पुलिस द्वारा आज जो हमारे किसानों पर कहर बरपाया गया है, उसमें हमारे 60 से ज्यादा नौजवान घायल हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद हमारे नौजवान ने धैर्य के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी नौजवानों पर कहर बरपाया है तथा आंसु गैस के गोले छोड़े गए। किसान नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। वहीं किसानों ने कहा कि अगली रुपरेखा बारे कल विचार किया जाएगा।
जिक्रयोग्य है कि बार्डर पर पिछले करीब 7 घंटे से किसानों का संघर्ष जारी है। रात के समय भी हरियाणा पुलिस द्वारा किसानों पर अश्रु गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं और किसानों को खदेड़ने की कोशिशें लगातार जारी है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सीमाओं पर बैरिकेडिंग की गई है लेकिन किसानों ने उन्हें भी तहस-नहस कर दिया। पुलिस और किसानों के बीच हुई इस झड़प में कई घायल हुए हैं।






















