
भारत सरकार ने श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को दिया बडा तोहफा
जानिये यह है श्री करतापुर साहिब गुरुद्वारे का महत्व
चंडीगढ़, 17 नवंबर (विश्ववार्ता) भारत सरकार ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव से पहले गुरु नानक नामलेवा संगत को बड़ा तोहफा दिया है। भारत सरकार ने पाकिस्तान स्थित श्री गुरु नानक देव जी की चरण स्पर्श भूमि ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए बनाए गए श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर टर्मिनल पर मात्र 50 रुपए का टिकट लेकर जाने की सुविधा प्रदान की है। इस ऐतिहासिक फैसले से संगत में भारी खुशी की लहर है।
इस संबंध में लैंड पोर्ट अथॉरिटी के महाप्रबंधक ने कहा कि श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर टर्मिनल को सभी तीर्थयात्रियों के लिए केवल 50 रुपए के मामूली टिकट पर दर्शन के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब श्रद्धालु 50 रुपए का टिकट शुल्क देकर इस टर्मिनल से ऐतिहासिक गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन कर सकते हैं। अब पहले की तरह पासपोर्ट और वीजा की जरूरत नहीं होगी और तीर्थयात्री सुबह 11.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक टर्मिनल से सिर्फ 50 रुपए शुल्क चुकाकर दर्शन कर सकेंगे।
यह है श्री करतापुर साहिब गुरुद्वारे का महत्व
श्री करतापुर साहिब गुरुद्वारे को पहला गुरुद्वारा माना जाता है जिसकी नींव श्री गुरु नानक देव जी ने रखी थी। उन्होंने यहां से लंगर प्रथा की शुरुआत की थी। यह स्थल पाकिस्तान में भारतीय सीमा से करीब चार किलोमीटर दूर है और अभी पंजाब के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक बॉर्डर आउटपोस्ट से दूरबीन से भारतीय श्रद्धालु इस गुरुद्वारे का दर्शन करते हैैं। श्री गुरुनानक देव जी का 550 वां प्रकाश पर्व 2019 में वहां मनाया जाना है और इस अवसर पर सिख समुदाय इस कॉरिडोर को खोलने की मांग जोर शोर से कर रहा है।
गुरु नानक देव ने करतारपुर में गुजारे 15 साल, यहीं ली अंतिम सांस
सिखों के पहले गुरु श्री नानक देव जी ने अपने जीवन के अंतिम 15 साल करतारपुर की धरती पर ही गुजारे थे। यहां खुद खेती करके उन्होंने समाज को ‘किरत करो, वंड छको और नाम जपो’ का संदेश दिया था। यहीं उन्होंने अपना शरीर भी छोड़ा था। यह गुरुद्वारा पटियाला स्टेट के महाराजा भूपेंद्र सिंह ने 1947 में बनवाया था। अभी यह गुरुद्वारा निर्माणाधीन ही था कि भारत पाक विभाजन हो गया।
चार किमी दूर जाने को करना पड़ता है 150 किमी का सफर
कस्बा बाबा बकाला के गांव पक्खोके टैली साहिब से सरहद के उस पार करीब चार किलोमीटर दूर स्थित श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारा के दर्शन के लिए लोगों को अटारी से होकर 150 किलोमीटर से भी ज्यादा का सफर करना पड़ता है। विभाजन से पहले यह सब बहुत आसान था। डेरा-बाबा नानक के गांववासी साहिब सुबह चार बजे उठकर गुरुद्वारा साहिब के दर्शन करने जाते थे। तब वहां पर माहौल एकदम शांत था। डेरा बाबा नानक के कुछ बुजर्ग बताते हैं कि विभाजनके बाद सरहद पर बाड़ लगा दी गई। अब बीएसएफ दूरबीन से संगत को गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करवाती है।























