
चंडीगढ, 16 फरवरी (विश्ववार्ता) संयुक्त किसान मोर्चा ने सभी किसान संगठनों से एकजुट होकर भारत बंद का एलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने सभी किसान संगठनों से भारत बंद में शामिल होने की भी अपील की है। ये बंद आज सुबह 6 बजे से शुरू हो गया है और शाम 4 बजे तक जारी रहेगा।
-दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चक्का जाम।
-सभी कृषि गतिविधियों/मनरेगा कार्यों/ग्रामीण कार्यों के लिए गांव बंद रहेंगे।
-कोई भी किसान, खेत मजदूर और ग्रामीण मजदूर काम पर नहीं जाएगा।
-सब्जियों, अन्य फसलों की आपूर्ति और खरीद निलंबित रहेगी।
-गांव की दुकानें, अनाज और सब्जी बाज़ार, कार्यालय, निजी संस्थानों को बंद रखने की अपील।
-शहरों में दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
-सड़कों पर आम सार्वजनिक और निजी परिवहन नहीं चलेंगे।
-एम्बुलेंस, मृत्यु, विवाह, मेडिकल दुकानें, समाचार पत्र आपूर्ति, बोर्ड परीक्षा, हवाई अड्डे के लिए आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग खोला जाएगा।
किसानों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ पंजाब में पटरियों पर बैठे प्रदर्शनकारी, ट्रेनों का मार्ग बदला गया
‘दिल्ली चलो’ आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई को लेकर पंजाब में कई स्थानों पर किसानों के पटरियों पर बैठने के बाद बृहस्पतिवार को दिल्ली-अमृतसर मार्ग पर कुछ ट्रेनों को दूसरे मार्गों से भेजा गया। किसानों ने कई टोल प्लाजा पर धरना भी दिया और अधिकारियों पर यात्रियों से पथकर नहीं लेने के लिए दबाव बनाया। भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) और बीकेयू डकोंदा (धनेर) ने पंजाब में कई जगहों पर चार घंटे के लिए ‘रेल रोको’ का आह्वान किया था। किसानों ने दोपहर करीब 12 बजे अपना आंदोलन शुरू किया और कई स्थानों पर पटरियों पर बैठ गए। प्रदर्शन शाम चार बजे तक जारी रह सकता है।
चूंकि किसान मुख्य दिल्ली-अमृतसर मार्ग पर कई स्थानों पर रेलवे पटरियों पर बैठे हैं, इसलिए रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों को चंडीगढ़ (दिल्ली की ओर) और लोहियां खास (अमृतसर और जालंधर की ओर) के रास्ते भेजा है। भारतीय रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली से आने वाली शताब्दी और शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस ट्रेनों को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर समाप्त कर दिया गया।
इस बीच, जब न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग कर रहे किसान मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी की ओर मार्च कर रहे थे, तब हरियाणा पुलिस द्वारा आंसू गैस के इस्तेमाल के विरोध में किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर कई टोल प्लाजा पर प्रदर्शन भी किया। होशियारपुर में किसानों ने जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। दोआबा किसान कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जंगवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में किसानों ने चोलांग और हरसे मानसर में टोल प्लाजाओं का घेराव किया और वहां धरना दिया।























