
भारत ने श्रीलंका को तीसरे और अंतिम मुकाबले मे हराकर सीरीज पर किया कब्जा
सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ शतक जड़ा
चंडीगढ़, 8 जनवरी (विश्व वार्ता) भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 91 रनों से जीत लिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 228 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। उसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाजों को 16.4 ओवर में 137 रन पर आउट कर दिया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 228 रन बनाए। भारत की जीत के हीरो सूर्यकुमार यादव रहे। उन्होंने 51 गेंद पर 112 रन बनाए। सूर्यकुमार ने 45 बॉल पर सेंचुरी पूरी की। उनके अलावा शुभमन गिल ने 36 बॉल में 46 रन बनाए जबकि राहुल त्रिपाठी ने 16 गेंद पर 35 रन जमाए। दिलशान मदुशंका को 2 विकेट मिले। कसुन रजिथा, चमिका करुणारत्ने और हसरंगा को एक-एक विकेट मिला।





















