

भारत ने विश्वकप मे बांग्लादेश को हराकर लगातार हासिल की चौथी जीत
विराट ने लगाई रिकॉड्र्स की झड़ी, सचिन के शतको से बस एक कदम दूर
कोहली ने की गेंदबाजी
चंडीगढ़, 19 अक्तूबर (विश्ववार्ता) वनडे विश्व कप 2023 में भारत ने लगातार चौथे मैच में जीत हासिल की है। पुणे के मैदान में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराया। मैच में विराट कोहली की सेंचुरी पूरी हो जाए, इसलिए केएल राहुल ने सिंगल दौडऩे से मना कर दिया।
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट खोकर 256 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 41.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 261 रन बना लिए और मैच अपने नाम किया। भारत के लिए विराट कोहली ने नाबाद 103 रन बनाए। शुभमन गिल ने भी 53 रन की शानदार पारी खेली। रोहित शर्मा ने 48 रन बनाए। गेंदबाजी में रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट लिए।
कोहली ने अपने वनडे करियर का 48वां और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 78वां शतक लगाया। वह वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले सचिन तेंदुलकर की बराबरी से अब सिर्फ एक कदम दूर हैं। तेंदुलकर के नाम 49 शतक हैं। कोहली ने विश्व कप में अपना तीसरा शतक लगाया है। उन्होंने टूर्नामेंट में आठ साल बाद सैकड़ा लगाया।
हार्दिक की जगह विराट कोहली बॉलिंग करने आए। कोहली ने मीडियम फास्ट बॉलिंग की। उन्होंने 3 बॉल में 2 रन दिए। कोहली की बॉलिंग के दौरान पुणे स्टेडियम में बैठे दर्शक ‘कोहली-कोहली’ के नारे लगा रहे थे। कोहली ने आखिरी बार अगस्त 2017 में वनडे में बॉलिंग की थी। तब श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 2 ओवर में 12 देकर कोई विकेट नहीं लिया था।





















