
भारत ने विश्वकप के महामुकाबले मे न्यूजीलैंड को 20 साल बाद दी मात
भारत का अजेय अभियान जारी, विराट शतक से चूके
भारतीय टीम अंक तालिका में पहुंची शीर्ष पर,शुभमन गिल ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
चंडीगढ़, 23 अक्तूबर (विश्ववार्ता) विश्व कप 2023 के 21वें मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। अब भारत के पास 10 अंक हैं। भारत के लिए विराट कोहली ने 95 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने 46 और रवींद्र जडेजा ने नाबाद 39 रन बनाए। श्रेयस ने 33, राहुल ने 27 और गिल ने 26 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फग्र्यूसन ने दो विकेट लिए। वहीं, बोल्ट-हेनरी और सैंटनर को एक-एक विकेट मिला।
धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 273 रन बनाए। भारत ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 130 रन डेरिल मिचेल ने बनाए। रचिन रवींद्र ने 75 और ग्लेन फिलिप्स ने 23 रन का योगदान दिया। इन तीनों के अलावा सिर्फ विल यंग (17 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच और कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला।
भारत के युवा स्टार शुभमन गिल ने विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के दौरान एक विश्व रिकॉर्ड बना दिया। गिल ने मुकाबले के दौरान वनडे में अपने दो हजार रन पूरे कर लिए। उन्होंने सबसे कम पारियों में ऐसा किया है। गिल ने इस मामले में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम सहित कई खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।





















