
भारत ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरे मुकाबले हराया, सीरीज में की 1-1 की बराबरी
-श्रेयस अय्यर को मिला मैन ऑफ द मैच
चंडीगढ़, 10 अक्तूबर (विश्ववार्ता): भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में सात विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ उसने तीन मैचों की श्रृंखला में 1-1 की बराबरी कर ली है। भारतीय टीम की जीत में श्रेयस अय्यर और ईशान किशन का अहम रोल रहा। श्रेयस ने जहां नाबाद शतकीय पारी खेली, वहीं ईशान किशन 93 बनाए। वह महज सात रन से करियर का पहला शतक लगाने से चूक गए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए श्रेयस अय्यर को ‘मैन ऑफ द’ मैच चुना गया।
भारतीय टीम के लिए श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने शानदार पारी खेली। दोनों ने 161 रनों की शानदार साझेदारी की। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम ने सात विकेट पर 278 रन बनाए थे। एडेन मार्करम ने 79 और रीजा हेंड्रिक्स ने 74 रनों की पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा डेविड मिलर ने नाबाद 35 रनों की उपयोगी पारी खेली।





















