
भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की सीरीज का अंतिम मुकाबला आज
भारत बचना चाहेगा क्लीन स्वीप से
बांग्लादेश ने हासिल की सीरीज मे अजेय बढ़त
चंडीगढ़, 10 दिसंबर (विश्व वार्ता) भारत और बांग्लादेश के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज चटगांव में खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज में 0-2 से पीछे चल रही है। बांग्लादेश ने अजेय बढ़त हासिल कर ली है। ऐसे में भारतीय टीम की नजर जीत के साथ सीरीज का अंत करने पर होगी। चोटिल रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में केएल राहुल इस मुकाबले में कप्तानी करेंगे।
भारत इस साल दूसरी बार किसी वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप से बचना चाहेगा। उसे जनवरी में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से हार मिली थी। उससे पहले न्यूजीलैंड ने 2020 में अपने घरेलू मैदान पर टीम इंडिया को तीन मैचों की ही सीरीज में 3-0 से परास्त किया था।





















