
भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी को फिर मिली धमकी
जानिए इस बार क्या है डिमांड
चंडीगढ़, 4 नवंबर (विश्ववार्ता) भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी को और दो धमकी भरे ईमेल मिले हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन को ये मेल उसी शख्स ने भेजे हैं जिसने उनसे 400 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। इस बार उनसे धमकी दी है कि अगर अंबानी ने उसके पिछले ईमेल को नजरअंदाज किया तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। पहली ईमेल में अंबानी से 20 करोड़ रुपये की डिमांड की गई थी। दूसरी ईमेल में इसे 10 गुना बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये कर दिया गया था जबकि तीसरी मेल में 400 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।
गौरतलब है, 26 अक्तूबर को सबसे पहले धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें धमकी देने वाले ने 20 करोड़ रुपयों की मांग की थी। बाद में कीमत बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये कर दी थी। साथ ही रुपये न देने पर मुकेश अंबानी को गोली मारने की बात कही थी। इतना ही नहीं, फिर तीसरे ईमेल में 400 करोड़ रुपये की मांग की।
अंबानी की आधिकारिक आईडी पर भेजे गए तीसरे ईमेल में लिखा था, ‘आपकी सुरक्षा कितनी भी अच्छी क्यों न हो, हम फिर भी आपको मार सकते हैं। इस बार यह कीमत 400 करोड़ रुपये है और पुलिस मुझे ट्रैक और गिरफ्तार नहीं कर सकती।’ बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब मुकेश अंबानी को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले, बीते साल मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी मिली थी। तब मुंबई पुलिस ने कॉल करके धमकी देने के आरोप में बिहार के दरभंगा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने मुंबई के सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी थी।























