
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का होगा आज खेल
इंग्लैंड का जबरदस्त पलटवार, स्कोर 200 के पार
अश्विन मैच के बीच से हटे, बीसीसीआई ने बताया यह कारण
बेन डकेट ने लगाया शानदार शतक
चंडीगढ, 17 फरवरी (विश्ववार्ता) भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल होगा। इंग्लैंड का स्कोर 207/2 है। भारतीय टीम 238 रन से आगे है। फिलहाल इंग्लैंड की तरफ से बेन डकेट 133 रन और जो रुट नौ रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। इस मुकाबले की पहली पारी में भारत ने 445 रन बनाए। भारत ने दूसरे दिन का खेल 326 रन से शुरु किया।
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन पारिवारिक मेडिकल इमरजेंसी के कारण इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच से अचानक से हट गए हैं। इससे कुछ घंटे पहले ही वह अनिल कुंबले के बाद 500 टेस्ट विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बने थे। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस घटना के बारे में एक और अपडेट देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और लिखा कि अश्विन की मां मेडिकल इमरजेंसी का सामना कर रही थीं। राजीव शुक्ला ने कहा- अश्विन की मां के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्हें अपनी मां के साथ रहने के लिए राजकोट टेस्ट छोडक़र चेन्नई जाना होगा।
भारत की पहली पारी 445 रन पर खत्म हो गई। आज भारत ने पांच विकेट पर 326 रन से आगे खेलना शुरू किया और 119 रन जोडऩे में बाकी बचे पांच विकेट गंवा दिए। शुरुआती आधे घंटे में टीम इंडिया ने कुलदीप यादव (4) और रवींद्र जडेजा (112) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद रविचंद्रन अश्विन ने ध्रुव जुरेल के साथ आठवें विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को रेहान अहमद ने तोड़ा। उन्होंने पहले अश्विन (37) और फिर ध्रुव जुरेल (46) को पवेलियन भेजा। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने सिराज के साथ 10वें विकेट के लिए 30 रन जोड़े। वुड ने बुमराह को आउट कर भारतीय पारी को 445 रन पर समेट दिया। इंग्लैंड की ओर से वुड ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, रेहान को दो विकेट मिले। जेम्स एंडरसन, टॉम हार्टले और जो रूट को एक-एक विकेट मिला।





















