
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट से पहले होगा बड़ा बदलाव
जानकर आपको भी नहीं होगा यकीन
चंडीगढ, 7 फरवरी (विश्ववार्ता) भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है, जिसमें दोनों ही टीमों ने अभी तक एक-एक टेस्ट मैच जीतकर सीरीज में बराबरी कर ली हैं। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट मैच 15 फरवरी से राजकोट में खेला जाना हैं। अब तीसरा मुकाबला सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। उससे पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। मैच से पहले राजकोट के इस स्टेडियम का नाम बदला जाएगा।
सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम का नाम बदलकर पूर्व बीसीसीआई सचिव निरंजन शाह के नाम पर रखा जाएगा। 15 फरवरी से शुरू होने वाले टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर एससीए स्टेडियम का नाम शाह के नाम पर रखा जाएगा। स्टेडियम ने जनवरी 2013 में अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी की थी। अब तक सभी प्रारूपों में यहां कुल 11 मैच हुए हैं। स्टेडियम के नए नाम का उद्घाटन मौजूदा बीसीसीआई सचिव जय शाह करेंगे।
नीरंन शाह भारत के सबसे वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासकों में से एक रहे हैं। वह बीसीसीआई सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं। एससीए में उनका अब भी महत्वपूर्ण प्रभाव है। 79 वर्षीय निरंजन शाह क्रिकेट खिलाड़ी भी रहे हैं। 1960 के दशक के मध्य से 1970 के मध्य तक सौराष्ट्र के लिए उन्होंने 12 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। निरंजन शाह के बेटे और पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर जयदेव शाह स्थानीय क्रिकेट शासी निकाय के मौजूदा अध्यक्ष हैं। वह सौराष्ट्री की कप्ताने के साथ-साथ आईपीएल में भी खेल चुके हैं।
बताया जा रहा है कि कथित तौर पर दोनों टीमों को मैच से एक दिन पहले समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। बीसीसीआई की शीर्ष परिषद के सदस्य और सौराष्ट्र संघ के सदस्य भी आमंत्रित सूची में होंगे।























