
भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को पहले वनडे मैच मे दी करारी शिकस्त
गेंदबाजी में अर्शदीप और आवेश ने बरपाया कहर, डेब्यू मैच में सुदर्शन का कमाल
चंडीगढ, 17 दिसंबर (विश्ववार्ता) भारतीय टीम ने आज पहले वनडे मैच मे दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट से हरा दिया है। जोहान्सबर्ग में अर्शदीप सिंह और आवेश खान ने मिलकर 9 विकेट झटके। वहीं डेब्यूटांट साई सुदर्शन ने फिफ्टी लगाकर टीम को जीत के पार पहुंचाया। भारत से श्रेयस अय्यर ने भी 52 रन बनाए।
जोहानिसबर्ग के न्यू वांडरर्स स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। उनकी टीम 116 रन पर सिमट गई। जवाब में टीम इंडिया ने 16.4 ओवर में 117 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। भारत के लिए डेब्यू करने वाले साई सुदर्शन ने नाबाद 55 रन बनाए। उन्होंने 43 गेंद की पारी में नौ चौके लगाए। श्रेयस अय्यर ने 45 गेंद पर 52 रन बनाए। उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। ऋतुराज गायकवाड़ पांच रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा एक रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए वियान मुल्डर और एंडिले फेहलुकवायो ने एक-एक विकेट लिए।
भारत के लिए गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और आवेश खान ने कमाल कर दिया। दोनों ने मिलकर नौ विकेट लिए। अर्शदीप को पांच और आवेश को चार विकेट मिले। पारी के दूसरे ओवर में ही अर्शदीप सिंह ने लगातार दो गेंद पर दो विकेट झटके। इस ओवर की चौथी गेंद पर अर्शदीप ने रीजा हेंड्रिक्स को बोल्ड किया। गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेट पर जा लगी। रीजा खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद अगली ही गेंद पर अर्शदीप ने रसी वान डर डुसेन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह भी खाता नहीं खोल सके। अर्शदीप हैट्रिक का मौका चूक गए। टोनी डी जॉर्जी अच्छे टच में दिख रहे थे, लेकिन अर्शदीप ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। अर्शदीप ने टोनी डी जॉर्जी को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। वह 22 गेंद में 28 रन बना सके। इसके बाद पारी के 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर अर्शदीप ने हेनरिक क्लासेन (6) को बोल्ड किया।























