
भारतीय किसान यूनियन का ऐलान आज पूर्व CM कैप्टन अमरेंद्र सिंह, सुनील जाखड़ और केवल सिंह ढिल्लों के घरों के सामने लगाएंगे धरने
चंडीगढ, 17 फरवरी (विश्ववार्ता)भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) ने ऐलान किया कि 17 और 18 फरवरी को भाजपा के प्रमुख नेताओं के घरों के सामने दिन-रात धरना देंगे और सभी टोल फ्री कराएंगे। यूनियन नेता सुखदेव सिंह कोकरी कलां तथा जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि उनकी यूनियन भाजपा पंजाब प्रधान सुनील जाखड़, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह और केवल सिंह ढिल्लों के घरों के सामने धरने लगाएंगे। दोनों नेताओं ने यह भी कहा कि अगले 2 दिन भी पंजाब में सभी टोल फ्री करवाए जाएंगे। उन्होंने दावा किया है कि उनकी जत्थेबंदियों ने शुक्रवार को 18 जिलों में 58 जगहों पर धरने दिए और प्रदर्शन किए।
बता दें, 8, 12 और 15 फरवरी को हुई पिछली 3 बैठकें बेनतीजा रही थी। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि तीसरे दौर की बैठक में “बहुत सकारात्मक” चर्चा हुई। यह निर्णय लिया गया है कि अगली बैठक, जो चौथे दौर की बैठक होगी, वह रविवार 18 फरवरी को शाम 6 बजे होगी। किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों – अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय के बीच तीसरे दौर की बैठक हुई। बैठक में हिस्सा लेने वाले किसान नेताओं में जगजीत सिंह दल्लेवाल, सरवन सिंह पंढेर और जरनैल सिंह शामिल थे।





















