
भाजपा हम पर इंडिया समूह छोडऩे का बना रही है दबाव : वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में इंडिया समूह ने भाजपा को हराया है यह सिर्फ एक ट्रेलर था-मंत्री अनमोल गगन
चंडीगढ, 23 फरवरी (विश्ववार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि वह उन पर इंडिया समूह छोडऩे का दबाव बना रही है और उसे डराने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले के फर्जी मामले जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की तैयारी कर रही है। चंडीगढ़ पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने यह आरोप लगाया। वहीं कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरपाल चीमा ने कहा भाजपा को इन चुनावों में आईएनडीआईए गठबंधन के हाथों हार नजर आ रही है।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि 2024 के आम चुनाव नजदीक आ रहे हैं और भाजपा को इन चुनावों में इंडिया समूह के हाथों अपनी हार नजर आ रही है क्योंकि पिछले दस सालों से केंद्र की नरेन्द्र मोदी नेतृत्व वाली सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह विफल रही है।
हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि आप नेताओं को धमकी भरे फोन आ रहे हैं कि अगर इंडिया समूह नहीं छोड़ा तो श्री केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अब तक श्री केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से सात समन मिल चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि आप एक आदर्शवादी पार्टी हैं, जिसके आदर्श शहीद-ए-आजम भगत सिंह और डॉ. बी आर अंबेडकर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे हमें डरा नहीं पाएंगे।’’ आप सरकार की कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में इंडिया समूह ने भाजपा को हराया है और यह सिर्फ एक ट्रेलर था।
बीजेपी हर मोर्चे पर रही बुरी तरह विफल
अनमोल ने कहा कि पछले दस सालों से केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह विफल रही है। भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी रोज नई ऊंचाइयां छू रही है। वे हर साल दो करोड़ नौकरियां देने में विफल रहे।
किसानों की आय दोगुनी करने के बजाय जैसा कि उन्होंने चुनाव से पहले वादा किया था, उन्होंने किसानों को अपने बुनियादी अधिकारों के लिए आंदोलन करने के लिए मजबूर कर दिया। इसलिए आप नेताओं को धमकी भरे फोन आ रहे है कि अगर आईएनडीआईए गठबंधन नहीं छोड़ा तो वह केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेंगे।





















