
भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
बीजेपी ने इन दिग्गजों को उतारा मैदान मे , इन राज्यों में हुआ उम्मीदवारों का एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार इस क्षेत्र से लडेगें चुनाव
चंडीगढ़, 3 मार्च (विश्ववार्ता) आगामी लोकसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। भाजपा ने इस बार भी पीएम मोदी सहित कई दिग्गजों को मैदान में उतारा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि उम्मीदवारों की पहली सूची में 34 केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री को मैदान में उतारा गया है। उन्होंने बताया कि 195 उम्मीदवारों में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल हैं।
दिल्ली में भाजपा ने नए चेहरों पर दांव चला है। घोषित पांच सीटों में से चार पर नए उम्मीदवार हैं। मनोज तिवारी पर भाजपा ने एक बार फिर भरोसा जताया है। नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी, चांदनी चौक से डॉ. हर्षवर्धन, पश्चिमी दिल्ली प्रवेश वर्मा और दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी का टिकट कट गया है।
गांधीनगर से अमित शाह बने उम्मीदवार
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गांधीनगर और मनसुख मंडाविया पोरबंदर से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने राजनाथ सिंह को लखनऊ लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है। वहीं, स्मृति ईरानी अमेठी से चुनाव लड़ेंगी।
विदिशा सीट से मैदान में उतरे पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान
पार्टी ने हेमा मालिनी को मथुरा से मैदान में उतारा है। वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश के गुना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कि पीएम मोदी वाराणसी से, बिष्णु पदा रे अंडमान और निकोबार से, केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरण रिजिजू अरुणाचल पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा ने अपनी 195 उम्मीदवारों की पहली सूची में उत्तर प्रदेश से 51, पश्चिम बंगाल से 26, मध्य प्रदेश 24 , गुजरात से 15, राजस्थान से 15, केरल से 12, तेलंगाना से 9, असम की 14 में से 11 , झारखंड से 11 , छत्तीसगढ़ से 11, दिल्ली से 5 , जम्मू कश्मीर से 2, उत्तराखंड से 3 ,अरूणाचल प्रदेश 2, गोवा से 1 , त्रिपुरा 1, अंडमान-निकोबार से 1 और दमन दीव से 1 सीट की घोषणा की।





















