
भाई दूज के पावन त्यौहार पर चंडीगढ़ पंजाब यूनिवर्सिटी मे आज रहेगा इतने घंटे का अवकाश
चंडीगढ़, 15 नवंबर (विश्ववार्ता) देशभर मे हर वर्ष भाई-बहन के परस्पर प्रेम तथा स्नेह का त्यौहार भैया दूज मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई की लम्बी उम्र के लिए पूजा करती हैं चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी और उससे संबंधित सभी कॉलेजों में सुबह 2 घंटे का अवकाश रहेगा। उसके बाद नियमित रूप से पढ़ाई की जाएगी। हालांकि कई जगह पर भाई दूज का त्योहार आज भी मनाया गया है। आज शहर में जगह-जगह पर गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शहर के लोग बढ़-चढक़र हिस्सा ले रहे हैं।
भैया दूज के इस पर्व को यम द्वितीया भी कहा जाता है। इसका मुख्यत: संबंध यम तथा उनकी बहन यमुना से है। बचपन में एक साथ खेलते हुए बड़े होना और ढेर सारी स्मृतियों, शरारतों एवं प्यार को सारी उम्र याद रखना, बहन के दुख-दर्द के समय भाई का भगवान श्री कृष्ण के समान दौड़े चले आना और भाई की मंगल-कामना के लिए बहन का हर समय प्रार्थना करना, किसी भी मिसाल से ऊपर ही रहता है।
चांद की चांदनी के समान शीतल और सागर की गहराइयों के समान इस गंभीर रिश्ते का बंधन बहुत मजबूत होता है। दीपावली यदि दीयों का पर्व है, तो भैया दूज कुमकुम और अक्षत के तिलक से सजा ऐसा पर्व है, जिसका इंतजार बहनों को सारा साल रहता है। इस अवसर पर भाई दूर हो या पास, बहन के घर तिलक लगवाने जरूर जाता है और बहन अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लम्बी उम्र की कामना करती है।























