
भव्य तरीके से हुआ खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 का विधिवत आगाज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम से की खेलों की शुरुआत
खेल भावना को सर्वोपरि रखें- मनोहर लाल
अलग-अलग प्रांतों से आए खिलाड़ी आपस में अपने विचार व संस्कृति का आदान प्रदान कर एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को करें साकार- मुख्यमंत्री
पंचकूला/चंडीगढ़, 4 जून- हरियाणा के साथ साथ देशभर के खिलाड़ियों का खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के लिए लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आज खत्म हुआ, जब केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की विधिवत रूप से शुरुआत की। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का उद्घाटन समारोह में हरियाणा आगमन के लिए स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि आज गौरव का दिन है जब इतने बड़े खेल त्योहार की शुरुआत हुई है। उन्होंने केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर, हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह, भारतीय खेल प्राधिकरण के साथ-साथ हरियाणा खेल विभाग व अन्य टीमों की इस सफल आयोजन के लिए भूरी- भूरी प्रशंसा की।
खेल भावना को सर्वोपरि रखें – मनोहर लाल
मुख्यमंत्री ने इन खेलों में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को को संदेश देते हुए कहा कि खिलाड़ी खेल भावना को सर्वोपरि रखें और मन लगाकर खेलें। खेल में हार-जीत ज्यादा महत्व नहीं रखती, महत्व इस बात का है कि आप कैसा खेले और कैसे खेले। खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेना ही बहुत महत्व रखता है।
उन्होंने कहा कि वे कामना करते हैं कि खिलाड़ी अपने जीवन में नित नई ऊँचाइयां हासिल कर नए आयाम स्थापित करें। इस प्रतियोगिता से निश्चय ही सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। मुझे विश्वास है कि देश के कोने-कोने से आए खिलाड़ी इस प्रतियोगिता से मीठी और अनमोल यादें साथ लेकर जाएंगे। भविश्य में यही यादें उन्हें फिर से हरियाणा में आने के लिए प्रेरित करेंगी।
उन्होंने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आप सभी अलग-अलग प्रांतों से यहां आए हैं सभी आपस में अपने विचार संस्कृति का आदान प्रदान करें इसे एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपने को और बल मिलेगा।
4 जून से 13 जून तक 8500 खिलाड़ी दिखाएंगे अपना जौहर
श्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फलक पर हमारे खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों और प्रदेश में मौजूद मजबूत खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए ही केन्द्र सरकार ने हरियाणा को ‘खेलो इण्डिया-2021’ की मेजबानी करने का दायित्व सौंपा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का का विशेष रूप से आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि खेलो इण्डिया-2021 की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 5 स्वदेशी खेलों सहित कुल 25 खेलों के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लगभग 8500 खिलाड़ी और तकनीकी अधिकारी भाग ले रहे हैं, जो विभिन्न खेलों में अपना जौहर दिखाएंगे। आज से शुरू होकर 13 जून तक चलने वाले इन खेलों का आयोजन पंचकूला के साथ-साथ अम्बाला, शाहबाद, दिल्ली और चंडीगढ़ में भी होगा।
उन्होंने कहा कि ‘खेलो इण्डिया गेम्स’ में हरियाणा के मस्कट का नाम ‘धाकड़’ रखा गया है। जिस तरह से हरियाणा का जवान धाकड़ है, हरियाणा का किसान धाकड़ है और हरियाणा का पहलवान धाकड़ है। ठीक उसी प्रकार हमारे खिलाड़ी इन खेलों में प्रदर्शन भी धाकड़ करेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में दिल्ली में आयोजित पहली खेलो इण्डिया प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 102 पदक जीतकर देश में सर्वोच्च स्थान हासिल किया था। खेलो इंडिया-2019 में हरियाणा ने 178 पदकों के साथ और 2020 में 200 पदकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। स्थान भले ही बदलते रहे हों, लेकिन हमारे पदकों की संख्या हर बार बढ़ती रही है।























