
भक्तों की रक्षा करने के लिए इस धरती पर अवतरित हुए भगवान – विजय कौशल महाराज
कथा के तीसरे दिन हरियाणा के मुख्यमंत्री ने किया दीप प्रज्वलन
चंडीगढ़, 26 अप्रैलःआज यहां पंजाब राजभवन में श्री राम कथा के तृत्य दिवस हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दीप प्रज्वलन किया और पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने खट्टर का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है मि मुझे श्री राम कथा श्रवण करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि प्रभु राम जी के चरित्र से हमें सामान्य व मर्यादा पुरूष, दोनों के आचरण की शिक्षा मिलती है, श्री राम के चरित्र से हम जिनता भी ग्रहण कर सकें वो कम है। भाई का भाई के प्रति प्यार, माता-पिता की आज्ञा का पालन तथा पति का पत्नि के प्रति कर्तव्य क्या है, इन सबकी शिक्षा रामायण से ही मिलती है। उन्होंने राम जन्मभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या में जो भगवान राम का जन्मस्थान सुरक्षित नहीं था वहां आज उनके भव्य मंदिर का निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है और इसके सम्पूर्ण होने पर इसके दर्शन करने का सबको सौभाग्य मिलेगा।
कथाव्यास श्री विजय कौशल जी महाराज ने मंगलाचरण के कथा का शुभारंभ किया और कहा कि जब भी धरती पर अधर्म, पापाचार, अत्याचार बढ़ा, सीमाओं का उल्लंघन हुआ और धरती के धैर्य धारण करने की सीमा समाप्त हुई, तब-तब भगवान दुष्टों का नाश करने के लिए और भक्तों की रक्षा करने के लिए इस धरती पर अवतरित हुए। भगवान साक्षात धर्म हैं। धर्म की खातिर भगवान ने इस धराधाम पर अवतार लिया। रामायण की मधुर चौपाई का गायन करते हुए उन्होंने यह चौपाई सुनाई, ‘‘जब जब होई धर्म की हानि, बारहि असुर अधम अभिमानी, तब तब धर प्रभु विविध शरीरा, हरहि दयानिधि सज्जन पीड़ा’’। उन्होंने गुरू की महिमा सुनाते हुए कहा कि गुरू प्रकाश का प्रतीक होते हैं, वह अंधकार को दूर करने वाले होते हैं। जो भूल करे वह गुरू नहीं हो सकता।
उन्होंने बताया कि कथा सुनने की पहली व अंतिम आचारसंहिता यह है कि कथा के प्रसंग में व्यक्ति अपना आचरण, व्यवहार व जीवन शैली को मिलाते हुए चले और अगर उसे अपना आप गलत पाले में खड़ा दिखाई दे तो उसे सही मार्ग का चयन कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य का उत्थान व पतन का कारण उसका मन है न कि तन। जैसे विचार मन में आते हैं व्यक्ति वैसे की कार्य करता है। इसलिए मन को शुभ कार्यों पर केन्द्रित करें व ध्यान की ऊर्जा से मन को एकाग्र करें। उन्होंने मंत्रजाप की विधि यह बताई कि हमेशा मुख से मंत्र उच्चारण करना चाहिए क्योंकि अगर हम मुख बंद करके मन ही मन मंत्र उच्चारण करते हैं तो हमारा ध्यान भटक जाता है; जितना हो सके पाठ, माला, जप व मंत्रों का उच्चारण किया जाए।
कथा के चौथे दिन कल झारखण्ड के राज्यपाल श्री रमेश बैस मुख्य अतिथि होंगे।
——-





















