
बैसाखी के अवसर पर पाकिस्तान रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था
चंडीगढ़ 9 अप्रैल (विश्व वार्ता): खालसा स्थापना दिवस बैसाखी के अवसर पर पाकिस्तान स्थित गुरु धामों के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का जत्था आज सुबह 8.30 बजे शिरोमणि कमेटी कार्यालय से रवाना हुआ।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा आज 1052 सिख तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना किया गया। शिरोमणि कमेटी सदस्य अमरजीत सिंह भलाईपुर जत्थे के मुखी नियुक्त किए गए है। वहीं उनके साथ एसजीपीसी बलविंदर सिंह , जसवंत सिंह पुरैन, बीबी जोगिंदर कौर, पूर्व सचिव कुलवंत सिंह, हरजीत सिंह लालुगुम्मन व अन्य प्रमुख हस्तियों ने जत्थे के सदस्यों को फूल माला पहनाकर सम्मानित किया।
शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं को वीजा के साथ पासपोर्ट बांटने के मौके पर कहा कि सिख गुरु धामों में जाने की हर सिख की इच्छा होती है। जत्थे में जाने वाले तीर्थयात्रियों का उत्साहित होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी ने वीजा के लिए 1161 तीर्थयात्रियों के पासपोर्ट भेजे थे जिनमें से 109 तीर्थयात्रियों को वीजा जारी नहीं किया गया है।





















