
बिहार CM और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के एक बार फिर पाला बदलने की चर्चा जोरों पर
पटना से दिल्ली तक सियासी उथल-पुथल जारी,महागठबंधन का भविष्य अधर में लटका
चंडीगढ़, 28 जनवरी (विश्ववार्ता) बिहार CM नीतीश कुमार को लेकर जब पटना से दिल्ली तक अटकलों का बाज़ार गर्म था बिहार में महागठबंधन का भविष्य अधर में लटका हुआ है। राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव की आशंका जताई जा रही है, जिसके होने की संभावना हर बीतते घंटे के साथ बढ़ती जा रही है। बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार को लेकर कहा जा रहा है कि वह आज यानी 28 जनवरी को बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो जाएंगे. इस सिलसिले में पटना में शनिवार का दिन काफी उथल-पुथल रहा है। सूत्रों के हवाले से बताया कि जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के रविवार सुबह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना है।
अगर नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर भाजपा के साथ नई सरकार बनाते हैं तो 18 महीने के भीतर वह दूसरी बार पाला बदलेंगे। नीतीश ने अगस्त 2022 में भाजपा से गठबंधन तोड़कर राजद और कांग्रेस के साथ महागठबंधन की सरकार बनाई थी। तब उन्होंने भाजपा पर जदयू को तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
सूत्रों ने कहा कि राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए रविवार को राज्यपाल सचिवालय को खोलने के लिए कहा गया है। सूत्रों ने दावा किया कि नीतीश कुमार ने कुछ दिन पहले ही करीबी सहयोगियों को अपने अगले कदम के बारे में बता दिया है। हालांकि, सीएम नीतीश ने अभी तक बिहार में राजनीतिक उथल-पुथल पर चुप्पी साध रखी है।





















