
बडी खबर: चंडीगढ मेयर मामले को लेकर हाईकोर्ट मे हुई सुनवाई
हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ प्रशासन सहित अन्य प्रतिवादियों को जारी किया नोटिस
पढिये क्या है पूरा मामला
चंडीगढ, 9 फरवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ मेयर मामले को लेकर बडी खबर सामने आ रही है आज पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ के सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए चंडीगढ़ प्रशासन सहित अन्य प्रतिवादियों को 26 फरवरी के लिए नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। इन दोनों पदों को लेकर दाखिल याचिका पर अब मेयर निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका के साथ सुनवाई होगी।
चंडीगढ़ में आप-कांग्रेस गठबंधन के दोनों उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह और निर्मला देवी ने अपनी याचिका में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव रद्द कर नए सिरे से हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में चुनाव संपन्न करवाने की मांग की है। इसके साथ ही याचिका लंबित रहते मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के सेवाएं देने पर रोक लगाने की अपील की है।
ये है पूरा मामला
बता दें कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव 18 जनवरी 2023 को होना था। लेकिन चुनाव वाले दिन पीठासीन अधिकारी को बीमार बताकर चुनाव टाल दिया गया था। इसके बाद चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर ने चुनाव की अगली तारीख़ छह फरवरी तय की थी। लेकिन आम आदमी पार्टी पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट पहुंच गई। मामले में सुनवाई करते हुए अदालत ने 30 जनवरी को चुनाव करवाने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश के बाद 30 जनवरी को चुनाव तो हुआ लेकिन आप और कांग्रेस ने इसमें पीठासीन अधिकारी पर धांधली का आरोप लगाए।
दरअसल, हुआ यूं की चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 सीटें हैं। बीजेपी के पास 14 पार्षद हैं। सदन में अकाली दल का सिर्फ एक पार्षद है। इसके अलावा इस चुनाव में चंडीगढ़ के सांसद के भी वोट करने का अधिकार है। यहां से बीजेपी की सांसद किरण खेर हैं। इन सबको मिलाकर बीजेपी के पास कुल 16 वोट हैं। जबकि आम आदमी पार्टी के 13 और कांग्रेस के 7 पार्षद हैं। यहां पर कांग्रेस और आप का गठबंधन है। यानी गठबंधन के पास कुल 20 वोट हैं। इसके बाद भी चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी मनोज सोनकर की जीत हुई। बीजेपी के प्रत्याशी मनोज को 16 वोट मिले। जबकि कांग्रेस-आप के उम्मीदवार कुलदीप टीटा को 12 वोट मिले। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि चुनाव में आठ वोटों को अमान्य करार दिया गया। इसके बाद पीठासीन अधिकारी पर धांधली का आरोप लगाते हुए कांग्रेस और आप कोर्ट पहुंची गई और तभी से ये मामला तूल पकड़ा हुआ है।























