
फिल्म अभिनेता और राजनेता सुरेश गोपी की बेटी की शादी में शामिल हुए पीएम मोदी
चंडीगढ, 17 जनवरी (विश्ववार्ता):केरल के गुरुवयूर मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिल्म अभिनेता और राजनेता सुरेश गोपी की बेटी की शादी में भी शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर मशहूर फिल्म अभिनेता मोहनलाल समेत कई अन्य हस्तियां भी मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री पूजा के दौरान पारंपरिक परिधान ‘मुंडू’ और ‘वेष्टि’ (सफेद शॉल) धारण किए हुए थे। मोदी ने इसके बाद अपने परिधान बदले और गोपी की बेटी की शादी में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री के दौरे के कारण मंदिर में सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मोदी सुबह करीब 7.35 बजे हेलीकॉप्टर से गुरुवायूर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर श्रीकृष्ण कॉलेज मैदान पर उतरा जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सैंकड़ों समर्थक और कार्यकर्ता घंटों से उनके स्वागत में खड़े थे। मोदी के स्वागत के लिए हेलीपैड पर मौजूद लोगों ने भाजपा के झंडे लहराए। उन्होंने पार्टी के रंग की टोपियां पहनी हुई थीं। हेलीपैड से प्रधानमंत्री मोदी श्रीवलसम अतिथि गृह गए जहां उन्होंने मंदिर में पूजा करने से पहले केरल का पारंपरिक परिधान पहना।





















