
फिर आ रहा है दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का नया गीत धूम मचाने
मां चरण कौर ने नये गीत का पोस्टर किया रिलीज
गानों के जरिए हमेशा जिन्दा रहेगें सिद्धू मूसेवाला
चंडीगढ़, 9 नवंबर (विश्ववार्ता) पंजाबी गायक दिवंगत सिद्धू मूसेवाला का नया गाना दिवाली पर रिलीज होगा। मूसेवाला की मां चरण कौर ने सोशल मीडिया पर नए गीत का पोस्टर रिलीज कर दिया है। फैंस को दिवाली पर गाना सुन पाएंगे। मूसेवाला की मौत के बाद ये पांचवां गीत है, जिसे रिलीज किया जा रहा है। यह गीत यू-ट्यूब सहित सभी म्यूजिक एप्लिकेशन पर दिवाली 12 नवंबर के दिन दोपहर 12 बजे रिलीज किया जाएगा।
सिद्धू मूसेवाला भले ही इस दुनिया से चले गए हों लेकिन वह अपने गानों के जरिए अपने चाहने वालों के बीच हमेशा जिन्दा रहेगें। उनके गाने उनके होने का एहसास कराते रहेंगे। बताते हैं कि, जाने से पहले सिद्धू ने अपनी आवाज में कुछ गाने रिकॉर्ड किए थे। जिन्हें उन्हें ही रिलीज करना था। लेकिन किस्मत को तो कुछ और ही मंजूर था।
ध्यान रहे कि, 29 मई को 28 साल के सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले के जवाहर गांव के नजदीक हत्या कर दी गई थी। कारों में सवार होकर आए लॉरेंस गैंग के गुर्गों ने सिद्धू मूसेवाला को गोलियों से छलनी-छलनी कर डाला था। सिद्धू मूसेवाला की थार गाड़ी पर साइड और सामने से कई राउंड फायर किए गए थे। स्थिति का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि लॉरेंस गैंग के गुर्गों ने सिद्धू को सीट से हिलने तक का मौका नहीं दिया। सिद्धू सीट पर बैठे के बैठे रह गए। फिलहाल, सिद्धू के आरोपी पकड़े जा चुके हैं। वहीं, दो को तो पंजाब पुलिस ने अमृतसर के अटारी बॉर्डर पर ढेर कर दिया था।























