
फसल अवशेष प्रबंधन के लिए किसानों को दिया जाएगा कृषि यंत्रों पर अनुदान
किसान 25 अगस्त तक करें ऑनलाईन आवेदन
चंडीगढ़, 7 अगस्त- हरियाणा सरकार ने प्रदेश में फसल अवशेष प्रबंधन के प्रोत्साहन हेतु वर्ष 2022-23 के दौरान फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत कृषि यंत्र जैसे कि सुपर एसएमएस, बेलिंग मशीन, हैप्पी सीडर, रोटरी स्लेशर /श्रब मास्टर, पैडी स्ट्रॉ चोपर/ मल्चर, रिवर्सिबल प्लो, जीरो टिल ड्रिल, सुपर सीडर, ट्रेक्टर चालित/ स्वचालित क्रॉप रीपर / रीपर कम बाईंडर पर अनुदान देने के लिए आवेदन आमंत्रित किये हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पंजीकृत किसान समूह/ किसान उत्पादक संगठन/ ग्राम पंचायत को कस्टम हायरिंग सेन्टर स्थापित करने के लिए 80 प्रतिशत या अधिकतम अनुदान राशि व व्यक्तिगत श्रेणी में 50 प्रतिशत या अधिकतम अनुदान राशि दी जायेगी। योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान विभाग के पोर्टल agriharyana.gov.in पर 25 अगस्त, 2022 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत लाभार्थी की श्रेणी में आवेदन करने के लिए किसान का ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। किसान के नाम रजिस्टर्ड ट्रैक्टर की वैध आर.सी, परिवार पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, स्वयं घोषणा पत्र, जमीन का विवरण एवं बैंक खाता होना भी आवश्यक है। अनुसूचित जाति के किसान के लिए जाति प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, एक किसान विभिन्न प्रकार के अधिकतम 3 कृषि यंत्र ही ले सकता है और जिन किसानों ने पिछले दो वर्षों में जिन कृषि यंत्रों पर अनुदान लिया है, वे इस स्कीम में उस यंत्र के लिए अनुदान प्राप्त करने हेतू आवेदन करने के लिए पात्र नहीं होंगे। ऑनलाइन आवेदन करने के लिए किसान को टोकन राशि 2500 रुपये एवं 5000 रुपये अलग-अलग कृषि यंत्र की अनुदान राशि के अनुसार ऑनलाइन ही जमा करवानी होगी।
उन्होंने बताया कि कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना हेतु आवेदन करने के लिए समिति का पंजीकरण, पैन कार्ड, ट्रेक्टर की आर. सी., बैंक खाते का विवरण व प्रधान का आधार कार्ड आवश्यक है। इस श्रेणी में अधिकतम 5 यंत्रों के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्कीम के दिशा-निर्देशानुसार कस्टम हायरिंग सेंटर्स की स्थापना में रेड जोन व येलो जोन के गाँवों को वरीयता दी जायेगी।
उन्होंने बताया कि इस स्कीम के तहत अनुदान देने के लिए सारी प्रक्रिया का संचालन संबंधित जिला स्तरीय कार्यकारी कमेटी द्वारा किया जाएगा, जिसके अध्यक्ष संबंधित उपायुक्त हैं। अधिक जानकारी के लिए उप निदेशक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा संबंधित जिला के सहायक कृषि अभियन्ता के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
क्रमांक-2022
आजादी के लिए प्रजातांत्रिक रूप में किया ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ विश्व का सबसे बड़ा आंदोलन – बिजली मंत्री रणजीत सिंह
बिजली मंत्री ने भारत छोड़ो आंदोलन की 80वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए किया स्वतंत्रता सेनानियों को नमन
हर घर तिरंगा अभियान के लिए बिजली मंत्री ने किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान का हिस्सा बनकर घर-घर फहरायें तिरंगा
चंडीगढ़, 7 अगस्त- हरियाणा के बिजली मंत्री श्री रणजीत सिंह ने प्रदेशवासियों को आजादी के अमृत महोत्सव के साथ ही भारत छोड़ो आंदोलन की 80वीं वर्षगांठ की बधाई देते हुए कहा कि ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ प्रजातांत्रिक तरीके से किया गया विश्व का सबसे बड़ा आंदोलन था।
भारत छोड़ो आंदोलन की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता सेनानी संगठन के तत्वावधान में सोनीपत के स्वतंत्रता सेनानी भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने तिरंगा फहराते हुए भारत माता की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर चरण वंदना की। इस दौरान उन्होंने वीर स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के साथ-साथ कारगिल के शहीदों को भी नमन किया।
उन्होंने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन प्रजातांत्रिक तरीके से किया गया विश्व का सबसे बड़ा आंदोलन था, जिसके इतिहास को जिंदा रखा गया है। इसके लिए स्वतंत्रता सेनानी संगठन बधाई का पात्र है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
बिजली मंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 13 से 15 अगस्त तक घर-घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि जन-जन तक झंडे को पहुंचाने के लिए यह बेहतरीन कार्यक्रम है। साथ ही, उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सच्चा सम्मान यही है कि हम देश की एकता व अखंडता को बनाये रखें। देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी से करते हुए इसे और मजबूती प्रदान करें तथा देश के साथ जुड़ें रहें।
कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने झंडा गीत और वंदे मातरम की प्रस्तुतियां दी।





















