
प्रधानमंत्री को जान से मारने की साजिश में शामिल पूर्व डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय और गृह मंत्री राधवा पर आपराधिक मुकदमा दर्ज हो: चुग
चंडीगढ़, 27 जनवरी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने बयान जारी कर पंजाब पुलिस के पूर्व डी.जी.पी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय एवं पंजाब के गृह मंत्री स राधावा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किए जाने की मांग की। उन्होंने हाल ही में सार्वजनिक हुए सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय व एक भगोड़े अपराधी के बीच बातचीत के ऑडियो क्लिप का हवाला देते हुए कहा कि पूर्व डीजीपी चट्टोपाध्याय इस आडियो क्लिप में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के खिलाफ साजिश की बातें करते हुए स्पष्ट सुने जा सकते हैं।
चुग ने कहा कि ऑडियो क्लिप ने यह साबित कर दिया है कि उस दिन पूर्व डीजीपी ने अपराधियों के साथ मिलकर 130 करोड़ भारतीयों के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा और देश के भविष्य को खतरे में डाला था।
चुग ने कहा की तत्कालीन डी.जी.पी चट्टोपाध्याय ने फिरोजपुर में पीएम की सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभाने की जगह जानबूझकर अपने कर्तव्य को ताक पर रख दिया था। एक जिम्मेदराना पद पर रहते हुए ऐसी ओछी हरकत एक अक्षम्य अपराध है।
इसमें ध्यान देने की महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रधानमंत्री जी के किसी राज्य की यात्रा के सभी प्रोटोकॉल राज्य के गृहमंत्री और गृह मंत्रालय से जुड़े रहते हैं। अर्थात् गृह मंत्री राधावा को भी चट्टोपाध्याय के इस हरकत की पूरी-पूरी जानकारी थी। इस वीडियो क्लिप ने गृह मंत्री की भी पोल खोल कर रख दी है।
चुग ने कहा कि अब यह जगजाहिर हो चुका है कि चन्नी सरकार व उसके पुलिस प्रमुख सरेआम आतंकवादियों व नशा तस्करों के साथ मिल कर काम करते रहे है।
चुग ने कहा कि यह सोचने योग्य है कि किस तरह पंजाब पीसीसी अध्यक्ष नवजोत सिद्धू ने चट्टोपाध्याय की नियुक्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यहां तक कि चट्टोपाध्याय की नियुक्ति हेतु दबाव बनाने के लिए सिद्धू ने अपने प्रधान पद से इस्तीफा तक दे दिया था। प्रायः दबाव बनाकर बात मनवाने वाले देशद्रोहियों के परम मित्र सिद्धू के आलाकमान एआईसीसी अध्यक्ष सोनिया गांधी को देश को यह बताना चाहिए कि आखिर कांग्रेस देशद्रोहियों के साथ हाथ क्यों मिला रही है?
चुग ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी घिनौनी चुनावी गेम प्लान के तहत पंजाब में जानबूझकर कानून-व्यवस्था की स्थिति को जर्जर कर दिया है और पाकिस्तानी आकाओं के शह पर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है। वैसे तो कांग्रेस का चरित्र सदैव ही संदेह के घेरे में रहा है परंतु पिछले कुछ दिनों से पंजाब में घट रही घटनाओं ने इसे और पुख्ता कर दिया है।





















