
पूर्व विधायक रणजीत सिंह तलवंडी का पीजीआई चंडीगढ़ में निधन
चंडीगढ, 6 दिसंबर (विश्ववार्ता) रायकोट जिले के पूर्व विधायक और महाराजा दलीप सिंह मेमोरियल फाऊंडेशन बस्सियां रायकोट के अध्यक्ष रणजीत सिंह तलवंडी का आज शाम पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार थे। शिरोमणि अकाली दल और शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष रहे जत्थेदार जगदेव सिंह तलवंडी के बड़े बेटे रणजीत सिंह तलवंडी की उम्र करीब 67 साल थी। परिजनों के मुताबिक उनका पार्थिव शरीर 11 बजे गांव तलवंडी राय पहुंचेगा। रणजीत सिंह तलवंडी का अंतिम संस्कार 6 दिसंबर को दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव तलवंडी राय (रायकोट के पास) में होगा।
3 जुलाई 1956 को रंजीत सिंह तलवंडी का जन्म माता महिंदर कौर और पिता जगदेव सिंह तलवंडी के घर हुआ था। उनके भाई जत्थेदार जगजीत सिंह तलवंडी रायकोट से एसजीपीसी सदस्य हैं। पिता मरहूम जत्थेदार जगदेव सिंह तलवंडी पंजाब की अकाली राजनीति का धुरा कहे जाते थे और वो एक ही समय एसजीपीसी प्रधान और अकाली दल के प्रधान पद पर रहे।रंजीत सिंह तलवंडी वर्ष 1997 से 2002 तक पीएसआईइसी के चेयरमैन भी रहे थे। उनके बेटे जगतेश्वर सिंह की वर्ष 2015 में एक कार हादसे के दौरान मौत हो गई थी। उनकी बहन हरजीत कौर तलवंडी अकाली दल संयुक्त महिला विंग की प्रधान हैं। उनकी मां मोहिंदर कौर भी कैबिनेट रैंक पर रही थी। जत्थेदार रंजीत सिंह तलवंड़ी अपने पीछे पत्नी सरताज कौर और एक बेटी छोड़ गये हैं।





















