
पूरे पंजाब मे शीतलहर का कहर जारी
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को जारी की गई एडवाइजरी
चंडीगढ, 10 जनवरी (विश्ववार्ता) पूरा पंजाब इस समय शीतलहर की चपेट मे है। राज्य के अधिकतम तापमान में बढ़ौतरी होने के बावजूद ठंड जोरों पर है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। अधिकतम तापमान 12 डिग्री से ऊपर पहुंचने पर भीषण सर्दी से राहत मिलनी शुरू हो जाती है लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के कारण ठंड का प्रकोप जारी है। रैड व ऑरेंज जोन से बाहर आ चुके पंजाब में हवाओं का रुख बदलने से ठिठुरन बढ़ गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार मौसम में बदलाव ने दस्तक दे दी है। दोपहर के मुकाबले सुबह व रात को ठंड का जोर अधिक देखने को मिल रहा है, जिसके चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर है। आने वाले दिनों में अधिकतर तापमान में बढ़ौतरी होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। विभाग के अनुसार भविष्यवाणी के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में आज गर्ज के साथ बारिश होने की संभावना है।
बता दें कि पंजाब में हवाओं का रूख बदलने लगा है जिसके चलते भीष्ण सर्दी से राहत मिलने वाली है। वहीं, जैसे ही बारिश होगी मौसम साफ हो जाएगा और 2 दिनों के बाद पंजाब में अलर्ट खत्म हो जाएगा जिसके चलते धुंध व कोहरे आदि से राहत मिलेगी। वहीं लगातार स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को एडवाइजरी जारी कर अपील की जा रही है कि विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाया जाए। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मौसम पर नजर रखने और कड़ाके की ठंड से बचने का सुझाव दिया है। लोगों को गर्म ऊनी कपड़े पहनने चाहिए और मोटे भारी कपड़ों के एक सैट के बजाय हल्के गर्म कपड़ों को पहने क्योंकि तंग कपड़े रक्त परिसंचरण को कम करते है।
सर्दी के मौसम में अगर लंबे समय तक सर्दी, फ्लू और नाक बहने के लक्षण दिखें तो तुरंत डाक्टर को दिखाना चाहिए। सिर, हाथ, नाक, गर्दन और पैर की उंगलियों को अच्छी तरह से ढकने को कहा गया है। शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बरकरार रखने के लिए विटामिन-सी युक्त फल और सब्जियों का सेवन करना चाहिए। गर्म तरल पदार्थ पीना चाहिए क्योंकि यह ठंडी हवाओं का मुकाबला करने के लिए शरीर के तापमान को बनाए रखते हैं।























