पाकिस्तान में सिखों के कत्ल की वड़िंग ने की निंदा
चंडीगढ़, 15 मई: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पाकिस्तान के पेशावर में 2 सिख दुकानदारों की हत्या किए जाने की निंदा की है।
यहां जारी एक बयान में, वड़िंग ने कहा कि दो बेकसूर और गरीब सिखों को सिर्फ उनकी आस्था के चलते मार दिया गया। भारत सरकार को यह मामला पाकिस्तान की सरकार के समक्ष उठाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पाकिस्तान में सिख और हिंदू अल्पसंख्यकों को विशेष तौर पर टारगेट किया जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियां मूकदर्शक बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हत्याओं का यह एकमात्र मामला नहीं है, बल्कि यह घटनाएं लगातार अंजाम दी जा रही हैं। पाकिस्तान में कट्टरपंथियों द्वारा लगातार अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही हत्याओं के अलावा, लड़कियों को अगवा किया जा रहा है और शादी करके जबरन उनका धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से उस देश में अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा के लिए सभी अंतरराष्ट्रीय मंचों का इस्तेमाल करने की अपील करते हैं, क्योंकि वहां उनकी रक्षा करने या उनके हक में बोलने के लिए कोई नहीं है।





















